देहरादून। राठ जनविकास समिति की ओर से कुंवावाला स्थित पम्पकिन रेस्टोरेंट के समीप समिति की भूमि पर प्रस्तावित राठ भवन के निर्माण हेतु भव्य भूमि पूजन कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में राठ क्षेत्र के प्रवासी परिवारों ने भारी संख्या में उपस्थित होकर अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई तथा आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
इस शुभ अवसर पर श्रीनगर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने समस्त प्रवासी परिवारों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज वर्षों पुराना सपना साकार हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शीघ्र ही राजधानी देहरादून में एक भव्य राठ भवन का निर्माण होगा, जो प्रवासी परिवारों की आकांक्षाओं को नई दिशा देगा।
उन्होंने कहा कि भवन निर्माण के लिए उनके स्तर से जो भी सहयोग अपेक्षित होगा, उसे वे सदैव तत्परता से प्रदान करेंगे। उन्होंने राठ जनविकास समिति को एकता, समर्पण और सामाजिक चेतना का प्रतीक बताते हुए कहा कि थलीसैंण एवं पाबौ विकासखंड की अनेक पट्टियों से जुड़े सैकड़ों प्रवासी परिवारों की एकजुटता का उत्कृष्ट उदाहरण यह समिति है।
समिति के अध्यक्ष श्री मेहरबान सिंह गुसाईं ने कहा कि बहुप्रतीक्षित राठ भवन का निर्माण वर्षों पुराने स्वप्न के साकार होने जैसा है। यह भवन केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं होगा, बल्कि राठ क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला, रहन-सहन, वेशभूषा एवं पारंपरिक खान-पान का जीवंत केंद्र बनेगा। उन्होंने भूमि उपलब्ध कराने एवं निर्माण कार्य में सहयोग हेतु डॉ. धन सिंह रावत का आभार व्यक्त किया।
समिति के महासचिव श्री पुरुषोत्तम ममगाईं ने कहा कि पच्चीस वर्षों की लंबी प्रतीक्षा के बाद आज राठ भवन की नींव रखी जा रही है, जो समस्त प्रवासी परिवारों के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने समिति द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, सांस्कृतिक संरक्षण एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में किए गए कार्यों को उल्लेखनीय उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम का सफल संचालन समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री कुलानंद घनशाला ने किया। उन्होंने समिति की सेवा भावना, सामाजिक प्रतिबद्धता एवं निरंतर जनहित कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में समिति की सांस्कृतिक सचिव श्रीमती तारकेश्वरी भण्डारी ने अपनी सहयोगी सरिता भट्ट एवं रेखा रावत के साथ राठ क्षेत्र की लोकसंस्कृति से ओत-प्रोत रंगारंग प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
इस अवसर पर समाजसेवा के विभिन्न आयाम भी देखने को मिले। पैनेशिया सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक श्री रणवीर चौहान के निर्देशन में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों की स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण किया गया।
वहीं राठ नेत्र धाम एवं ऑप्टिकल्स के श्री हिमांशु पटवाल के नेतृत्व में विशेषज्ञों द्वारा निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर लगाया गया, जिससे अनेक लोगों ने लाभ प्राप्त किया।
साथ ही पर्वतीय मानव उत्थान समिति के तत्वावधान में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें प्रवासी परिवारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर मानव सेवा का उत्कृष्ट परिचय दिया।
समूचा कार्यक्रम सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव एवं जनसेवा की भावना से ओत-प्रोत रहा तथा राठ क्षेत्र के प्रवासी परिवारों के लिए ऐतिहासिक क्षण बन गया।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में प्रवासी लोग उपस्थित रहे।
