देहरादून। जिलाधिकारी देहरादून के निर्देशों पर बुधवार को गांधी शताब्दी जिला चिकित्सालय में विभिन्न विभागों के संयुक्त तत्वावधान में विशेष दिव्यांग शिविर आयोजित किया गया। शिविर में चिकित्सा विभाग, समाज कल्याण विभाग, बाल विकास विभाग, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक तथा निर्वाचन विभाग के स्वीप प्रभाग ने प्रतिभाग कर दिव्यांगजनों को स्वास्थ्य सेवाओं, बैंकिंग सुविधाओं और निर्वाचन संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई।
शिविर का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में निवास करने वाले दिव्यांगजनों तक सरकारी सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा आगामी निर्वाचन में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
शिविर में चिकित्सा विभाग की ओर से 42 दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें से 25 दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए। समाज कल्याण विभाग ने दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए टैक्सी वाहनों की व्यवस्था की, ताकि उन्हें शिविर स्थल तक पहुंचने और वापस लौटने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की ओर से सात नए बैंक खाते खोले गए, जिससे लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत मिलने वाली धनराशि प्राप्त करने में सुविधा होगी। वहीं, निर्वाचन विभाग के स्वीप प्रभाग ने दिव्यांग मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया, मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं तथा सुगम एवं सुलभ मतदान के संबंध में जानकारी दी। इसके साथ ही सक्षम ऐप के माध्यम से पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया गया, ताकि दिव्यांग मतदाता निर्वाचन के दौरान उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
जिला प्रशासन का उद्देश्य दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों की समस्याओं का समाधान करने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
शिविर में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
