देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी तथा लोकसभा सांसद कुमारी सैलजा 17 नवम्बर 2026 से छह दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह कुमाऊं मंडल के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर प्रदेश की भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों पर लग रहे भ्रष्टाचार के आरोपों के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में प्रतिभाग करने के साथ ही कार्यकर्ता बैठकों एवं जनसभा को संबोधित करेंगी।
प्रदेश प्रभारी के कुमाऊं मंडल दौरे में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश सहप्रभारी मनोज यादव सहित पार्टी के विधायक एवं वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल चमोली जनपद के थराली विधानसभा क्षेत्र से इस कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
उक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस महामंत्री एवं कार्यक्रम समन्वयक राजेन्द्र शाह ने बताया कि कुमारी सैलजा 17 नवम्बर को अपराह्न 3:30 बजे टनकपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। इसके उपरांत 18 नवम्बर को प्रातः 10:30 बजे लोहाघाट में जनसभा को संबोधित करेंगी तथा अपराह्न 2 बजे पिथौरागढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान एवं कार्यकर्ता बैठक में प्रतिभाग करेंगी।
उन्होंने बताया कि 19 नवम्बर को अपराह्न 12 बजे गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के बेरीनाग में कार्यकर्ता बैठक आयोजित होगी। इसके बाद 20 नवम्बर को दोपहर 12 बजे बागेश्वर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। 21 नवम्बर को प्रातः 11 बजे थराली में कार्यकर्ता बैठक में प्रतिभाग करने के पश्चात 22 नवम्बर को प्रातः 11 बजे देहरादून में प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक करेंगी।
राजेन्द्र शाह ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस सहप्रभारी सुरेन्द्र शर्मा 15 नवम्बर से 20 नवम्बर तक गढ़वाल मंडल के विभिन्न क्षेत्रों, जिनमें उत्तरकाशी एवं रुद्रप्रयाग शामिल हैं, का दौरा करेंगे। इसके उपरांत 21 नवम्बर को थराली विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का अभियान लगातार जारी है। पार्टी इस अभियान के माध्यम से सरकार की जनविरोधी नीतियों और भ्रष्टाचार के मुद्दों को जनता के बीच उठाते हुए जनसमर्थन जुटाएगी।
