मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का किया शुभारंभ, पिथौरागढ़ को दी 102.72 करोड़ की 25 विकास योजनाओं की सौगात

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्र में काली एवं गोरी नदियों के पावन संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद को 102.72 करोड़ रुपये की कुल 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 102.48 करोड़ रुपये की लागत वाली 24 योजनाओं का शिलान्यास तथा 24 लाख रुपये की लागत वाली एक योजना का लोकार्पण शामिल है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मेले में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा विभागीय योजनाओं, उपलब्धियों और स्थानीय उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। मेले में भारत एवं नेपाल के व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इसके साथ ही पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से दोनों देशों की साझा लोकसंस्कृति और परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली।

मुख्यमंत्री धामी द्वारा शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में 23.26 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ में नवीन राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस) का निर्माण, 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना से संबंधित कार्य, 36.10 करोड़ रुपये की लागत से खोतिला एवं घाटधार क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा योजना तथा 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर सेतु का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन, सिंचाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। वहीं, कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग एवं हिमालय दर्शन शेड से संबंधित कार्यों का लोकार्पण किया गया।कार्यक्रम को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, धारचूला विधायक  हरीश धामी, नगर निगम पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल, भानुप्रताप सिंह पाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, संस्कृतिकर्मी तथा भारत और नेपाल के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *