प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण सहभागी, अपनी मातृभूमि और पैतृक गांवों से जुड़े रहकर विकास में दें योगदान : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

Share on Social Media

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज दून विश्वविद्यालय, देहरादून में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि यह सम्मेलन केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी जन्मभूमि, मातृभूमि, संस्कृति और जड़ों से जुड़े लोगों के भावनात्मक मिलन का उत्सव है। यहां ऐसा अनुभव हो रहा है, मानो एक ही परिवार के सदस्य लंबे समय बाद अपने घर लौटकर एक साथ एकत्र हुए हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के लोग देश और दुनिया के जिस भी कोने में रहते हों, उनकी आत्मा हमेशा अपनी देवभूमि से जुड़ी रहती है। अपनी भाषा, बोली, लोकसंस्कृति, रीति-रिवाजों और पारंपरिक विरासत को संजोकर रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। प्रवासी उत्तराखण्डियों ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम, लगन और उपलब्धियों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उनके अनुभव, ज्ञान, तकनीकी दक्षता, संसाधन और सामर्थ्य का लाभ उत्तराखण्ड के विकास को भी मिलना चाहिए।

उन्होंने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में सक्रिय योगदान देने की पहल करने वाले 30 प्रवासी उत्तराखण्डियों का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल अपनी जन्मभूमि के प्रति प्रेम, अपनत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की उत्कृष्ट मिसाल है। इससे गांवों में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी और अन्य प्रवासी उत्तराखण्डी भी अपने पैतृक गांवों के संरक्षण एवं विकास के लिए प्रेरित होंगे।

धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड ने पिछले कुछ वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। राज्य के बजट और प्रति व्यक्ति आय में महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है। सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कृषि, बागवानी और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में निरंतर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है।

पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं, जबकि 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 3.5 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इन महिलाओं को शीघ्र ही प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि अतिथि शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय में भी जल्द वृद्धि की जाएगी। राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की आर्थिकी को मजबूत बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए कृषि तथा बागवानी को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। एप्पल मिशन, कीवी मिशन और तिमुर मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने के लिए शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग एवं विपणन से किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को नए अवसर मिल रहे हैं तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल रही है।

प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क को सुदृढ़ करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। देहरादून एवं आसपास के क्षेत्रों की आगामी 50 वर्षों की पेयजल आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से सौंग बांध परियोजना पर काम किया जा रहा है। इसके साथ ही जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है तथा किशाऊ बांध परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर की स्थापना, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार तथा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हेलीपोर्ट निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य के प्रमुख शहरों, धार्मिक स्थलों और पर्यटन केंद्रों को हेली सेवाओं से जोड़ने की योजना पर काम हो रहा है। इससे पर्यटन एवं तीर्थाटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में आवागमन की सुविधाएं भी बेहतर होंगी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड का विकास केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। सरकार योजनाएं बना सकती है, संसाधन उपलब्ध करा सकती है और उनके क्रियान्वयन में समन्वय स्थापित कर सकती है, लेकिन विकास को व्यापक, समावेशी और स्थायी बनाने के लिए जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। प्रवासी उत्तराखण्डियों के अनुभव, विशेषज्ञता और सामर्थ्य को राज्य की विकास यात्रा से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने प्रवासी उत्तराखण्डियों से आह्वान किया कि वे अपनी मातृभूमि और पैतृक गांवों से निरंतर संपर्क बनाए रखें तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन, उद्यमिता और स्वरोजगार के क्षेत्रों में अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता का योगदान दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की अमूल्य पूंजी और विकास यात्रा के महत्वपूर्ण सहभागी हैं। सरकार और प्रवासी समाज के सामूहिक प्रयासों से उत्तराखण्ड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से लिपुलेख तक सड़क संपर्क विकसित हुआ है। इससे श्रद्धालुओं को भारतीय भूमि से ही कैलाश पर्वत के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और प्रदेश नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने प्रवासी उत्तराखण्डियों के साथ संस्थागत संवाद और उनकी सहभागिता के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि अक्टूबर 2022 में प्रवासी उत्तराखण्ड प्रकोष्ठ तथा अप्रैल 2025 में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रवासी उत्तराखण्ड परिषद का गठन किया गया है। प्रवासियों के पंजीकरण, सूचनाओं के आदान-प्रदान और राज्य के साथ उनके सतत संपर्क को सुगम बनाने के लिए वेबसाइट भी विकसित की गई है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक विनोद चमोली, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, प्रसिद्ध अभिनेत्री  हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रवासी उत्तराखण्डी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *