देहरादून। आगामी शीतकाल, संभावित शीतलहर एवं बर्फबारी के मद्देनजर जनपद में आमजन की सुरक्षा, राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ शीतकालीन तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा आमजन को ठंड और प्रतिकूल मौसम से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शीतकालीन व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने शीतलहर से बचाव के लिए नगर निकायों एवं तहसील क्षेत्रों के अंतर्गत प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों तथा अन्य आवश्यक स्थानों पर अलाव जलाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग, जिला लॉटिंग अधिकारी एवं आपदा प्रबंधन विभाग को आपसी समन्वय से पर्याप्त लकड़ी की उपलब्धता और अलाव की व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा। साथ ही निर्धन, असहाय, निराश्रित एवं जरूरतमंद लोगों को समय से कंबल उपलब्ध कराने तथा तहसील स्तर पर पर्याप्त कंबलों का भंडारण एवं वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश प्रभारी अधिकारी सीआरए अनुभाग को दिए। जिला पूर्ति अधिकारी को दुर्गम क्षेत्रों में तीन माह का खाद्यान्न अग्रिम रूप से पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने जनपद के सभी रैन बसेरों में ठहरने वाले लोगों के लिए पर्याप्त बिस्तर, कंबल, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय एवं साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। प्रत्येक रैन बसेरे के लिए नोडल अधिकारी नामित कर नियमित निरीक्षण एवं व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि ठंड के मौसम में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर न हो।
पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में संभावित बर्फबारी और मार्ग अवरुद्ध होने की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने खाद्यान्न, पेयजल, ईंधन एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं का अग्रिम भंडारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को विशेष रूप से बर्फबारी से प्रभावित होने वाले दुर्गम क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं का समय रहते चिह्नीकरण करने तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें नजदीकी चिकित्सालयों के समीप सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।
आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अस्पतालों में आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों, एंबुलेंस एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों की सूची, उनके संपर्क नंबर तथा निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों का विवरण व्यवस्थित रखने को कहा। विशेष रूप से दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।
शीतकाल एवं बर्फबारी के दौरान पर्वतीय मार्गों पर आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई एवं अन्य कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक मशीनरी और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जेसीबी, स्नो कटर, स्नो ब्लोअर सहित नमक एवं चूने का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा। संवेदनशील मार्गों पर आवश्यकतानुसार चेतावनी संकेतक लगाने तथा बर्फबारी से मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल राहत एवं मार्ग खोलने के लिए अधिकारियों और मशीन ऑपरेटरों की ड्यूटी पूर्व निर्धारित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए भी विभागों को आवश्यक तैयारियां रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने शीतकाल में जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम, अत्यधिक ठंड एवं संभावित मार्ग अवरोध की स्थिति में पर्यटकों को समय रहते आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जाएं। जिला पर्यटन विकास अधिकारी को ऐसे ट्रैकिंग मार्गों एवं स्थलों को चिह्नित करने के निर्देश दिए, जहां खराब मौसम के दौरान पर्यटकों के फंसने की आशंका रहती है। पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा, सूचना तंत्र एवं आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
पशुधन की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को शीतलहर एवं पाले से पशुओं के बचाव के लिए पशु चिकित्सालयों में आवश्यक दवाइयों और उपचार सुविधाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने निराश्रित एवं आवारा पशुओं के लिए सुरक्षित आश्रय और समुचित देखभाल की व्यवस्था करने तथा चारा बैंकों में पर्याप्त मात्रा में पशु आहार उपलब्ध रखने को कहा। इसके अतिरिक्त संभावित मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं की रोकथाम के लिए वन विभाग को आवश्यक सतर्कता एवं बचाव संबंधी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शीतकालीन तैयारियों को केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि सभी व्यवस्थाएं धरातल पर प्रभावी रूप से दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने नियमित समीक्षा, स्थलीय निरीक्षण एवं विभागीय समन्वय के माध्यम से तैयारियों की निरंतर निगरानी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शीतलहर, बर्फबारी एवं प्रतिकूल मौसम के दौरान जनपदवासियों की सुरक्षा और जरूरतमंदों को समय पर राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, अपर नगर मजिस्ट्रेट रविन्द्र जुवांठा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी सहित नगर निगम, नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई, आरडब्ल्यूडी, वन विभाग, विद्युत एवं पेयजल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। उप जिलाधिकारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।
