जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली विरासत के संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘आदि गौरव महोत्सव उत्तराखण्ड-2026’ में प्रतिभाग किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए जनजातीय समाज सहित प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने आदिवासी संस्कृति एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी का अवलोकन कर जनजातीय समाज की समृद्ध परंपराओं, स्थानीय उत्पादों और कलात्मक कौशल की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज ने अपनी विशिष्ट संस्कृति, प्रकृति के प्रति सम्मान और परंपराओं से देश की सांस्कृतिक विविधता को समृद्ध किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए किया गया संघर्ष सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत उत्तराखण्ड के 128 जनजातीय गांवों का चयन किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में चार एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, 16 राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय और तीन जनजातीय आईटीआई संचालित हैं। जनजातीय युवाओं के रोजगार, स्वरोजगार और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री जनजाति रोजगार उत्कर्ष योजना सहित विभिन्न योजनाएं लागू की गई हैं। साथ ही खटीमा में जनजातीय बालिका छात्रावास की स्वीकृति दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का विकास उसकी संस्कृति, लोक परंपराओं और विरासत के संरक्षण के साथ ही संभव है। राज्य सरकार जनजातीय हस्तशिल्प एवं स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने तथा शिल्पकारों की आजीविका मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल सहित जनजातीय समाज के प्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *