पौड़ी। सेवा पखवाड़ा सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच भरोसे का सेतु है। इसके माध्यम से सरकार अपने कार्यों को जनता के सामने रखती है और जनता अपनी समस्याओं को सीधे सरकार के समक्ष रखती है।

यह बात कैबिनेट मंत्री तथा चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने अपने क्षेत्र भ्रमण के तीसरे दिन सोमवार को विकासखंड बीरोंखाल के भरपूर बड़ा, नेग्याणा, कसाणी, हलाड़, सैंधार, भरोलीखाल, कमलिया वल्ला आदि स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन, सशक्त मंडल एवं सशक्त संगठन के अंतर्गत आयोजित बैठकों में प्रतिभाग करते हुए कही।
इस अवसर पर उन्होंने 2 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भगवती तलिया–कमलिया 5 किमी मोटर मार्ग पर आरसीसी सेतु, 39.18 लाख रुपये की लागत से सैंधार–नेग्याणा–चोरिखिंडा मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य तथा ग्राम पंचायत कैलाड़ में 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पंचायत भवन का शिलान्यास किया।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ बैठकें कीं और जनसंपर्क कर जनता की समस्याओं को सुना। साथ ही कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास भी किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हो रहा है। सरकार द्वारा चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में भूमियाखांडा–किंगोड़ीधार पंपिंग पेयजल योजना, डांडा नागराजा ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना, वेदीखाल पंपिंग पेयजल योजना, बरसुंडा देवता पंपिंग योजना, भैरोंगढ़ी पंपिंग पेयजल योजना, जूनीसेरा–चौबट्टाखाल पंपिंग पेयजल योजना तथा हलूणी पेयजल योजना सहित करोड़ों रुपये की अनेक प्रमुख पेयजल एवं सिंचाई पंपिंग योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
इस अवसर पर भाजपा युवा नेता सुयश रावत, जिलाध्यक्ष कमल किशोर, मंडल अध्यक्ष ओमपाल, जिला मंत्री बृजमोहन, जिला उपाध्यक्ष मैत्री प्रकाश, दलीप सिंह, शक्ति केंद्र संयोजक स्वराज बौखंडी,एसडीएम कृष्ण कुमार त्रिपाठी सहित अनेक विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।