एकेश्वर,पौड़ी। प्रदेश सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा पखवाड़ा के द्वितीय चरण के तहत कैबिनेट मंत्री तथा चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र का तूफानी दौरा किया।

उन्होंने विकासखंड एकेश्वर के मज्याड़ी, अमोली, ग्वाड़मल्ला, पनखेत सहित विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन, सशक्त मंडल एवं सशक्त संगठन की बैठकों में भाग लिया तथा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
दौरे के दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 1.8 किलोमीटर द्वितीय चरण स्टेज-सी मज्याड़ी से गोची गांव-पिलखेत तक मोटर मार्ग तथा 20 लाख रुपये की लागत से विकासखंड मुख्यालय में टाइप-2 भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सतपुली एवं स्यूंसी झील जैसी परियोजनाएं पूरे चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के लिए वरदान सिद्ध होंगी। साथ ही सड़कों का निर्माण लगातार जारी है तथा बड़ी संख्या में पंचायत भवनों के निर्माण से ग्राम पंचायतें और अधिक सशक्त हो रही हैं।
इस अवसर पर भाजपा युवा नेता सुयश रावत, जिलाध्यक्ष कमल किशोर, जिला मंत्री बृजमोहन, मंडल अध्यक्ष राकेश नैथानी, महामंत्री सुनील, वेद प्रकाश वर्मा, पूर्व प्रमुख नरेंद्र डंडरियाल, विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र भट्ट,सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।