देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समाधान दिवस में जन समस्याओं का गंभीरता से निस्तारण किया गया। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे 169 फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में भूमि विवाद, अवैध कब्जे, अतिक्रमण, आपदा क्षतिपूर्ति, पारिवारिक विवाद तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
अधोईवाला निवासी नितिन कुमार की शिकायत पर, उनकी माता को एसीपी का भुगतान लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ (आंचल डेयरी), रायपुर रोड के प्रबंधक के वेतन आहरण पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए तथा लंबित भुगतान शीघ्र कराने को कहा।
मेहूँवाला में सरकारी नहर पर अवैध कब्जा, छिद्दरवाला एवं कृसाली में जनजातीय भूमि पर कब्जे तथा ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट स्थित खुर्जा वाली धर्मशाला की भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायतों पर संबंधित एसडीएम और राजस्व अधिकारियों को तत्काल जांच कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बंजारावाला की बुजुर्ग महिला द्वारा पारिवारिक प्रताड़ना, चुक्खूवाला के बुजुर्ग दंपति की सुरक्षा तथा घरेलू समस्याओं से जुड़ी अन्य शिकायतों पर भी जिलाधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में आर्थिक सहायता, उच्च शिक्षा, दिव्यांगजन सहायता तथा छात्रवृत्ति से जुड़े मामलों पर भी सकारात्मक विचार करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त देवपुरम में सड़क निर्माण, बंजारावाला में हॉट बाजार के सुव्यवस्थित संचालन तथा रेहड़ी-फड़ विक्रेताओं के सत्यापन सहित विभिन्न स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी वि./रा. केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश तिवारी, विभिन्न उप जिलाधिकारी, तहसीलदार तथा जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वर्चुअल माध्यम से भी संबंधित अधिकारी बैठक में जुड़े।