मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल प्रकाशित, 13 अगस्त तक दर्ज कराएं दावे एवं आपत्तियां : जिलाधिकारी

Share on Social Media

देहरादून। जनपद देहरादून में मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से पिछले एक माह से संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सफलतापूर्वक पूर्ण हो गया है। अभियान के उपरांत 14 जुलाई को मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल (प्रथम प्रारूप) प्रकाशित कर दिया गया।

बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल, एएसडी मतदाताओं, सर्विस वोटरों तथा मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) की सूची हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी (पेन ड्राइव) के माध्यम से उपलब्ध कराई। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि यदि सूची में किसी प्रकार की त्रुटि अथवा विसंगति दिखाई दे तो उसे तत्काल प्रशासन के संज्ञान में लाएं।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रकाशित ड्राफ्ट रोल के अनुसार जनपद में कुल 11,90,805 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 9,369 सर्विस मतदाता तथा 10,130 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। जनपद में पहले 1,882 मतदेय स्थल थे, जिनकी संख्या नए अनुमोदन के बाद बढ़कर 2,045 हो गई है।

उन्होंने बताया कि सभी 10 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता नामावली, सर्विस वोटर सूची तथा अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तैनाती भी सुनिश्चित कर दी गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन के लिए 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। पात्र नागरिक अपने निकटतम मतदाता पंजीकरण अधिकारी, सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारी अथवा बीएलओ से संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त निर्वाचन आयोग की वेबसाइट एवं मोबाइल ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। सभी दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा 15 सितंबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से बूथ स्तर पर अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) की शीघ्र नियुक्ति करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में बीएलए-2 की महत्वपूर्ण भूमिका है। वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी के 35, इंडियन नेशनल कांग्रेस के 103 तथा सीपीआईएम के 1,394 मतदेय स्थलों पर बीएलए-2 की नियुक्ति शेष है। वहीं बहुजन समाज पार्टी एवं आम आदमी पार्टी द्वारा अभी तक किसी भी बूथ पर बीएलए-2 नियुक्त नहीं किए गए हैं।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) के.के. मिश्रा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र प्रसाद देवली सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *