हरिद्वार। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने भारतीय वृक्ष न्यास (Tree Trust of India) के विशेष अभियान में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हरिद्वार आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक दृष्टि से देश-विदेश के पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। यहां आने वाला प्रत्येक पर्यटक स्वच्छ वातावरण, हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव करना चाहता है। ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि अपने पर्यावरण को स्वच्छ, सुरक्षित और हराभरा बनाए रखें।

उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधे को केवल एक पौधा न समझें, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ भविष्य का आधार मानें। वृक्ष हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन, स्वच्छ जल, शुद्ध वातावरण तथा जैव विविधता का संरक्षण प्रदान करते हैं। इसलिए पौधारोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है।
महाराज ने सभी से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल का भी संकल्प ले। उन्होंने कहा कि समाज और सरकार के संयुक्त प्रयासों से ही हरित, स्वच्छ और समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर हरिद्वार की मेयर किरण जैसल, राज्य मंत्री डॉ. जयपाल चौहान, ओम प्रकाश, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, डीएफओ अनिरुद्ध, एडीएम जितेंद्र, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, आशु चौधरी, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम खुल्ला, जगदीश लाल पाहवा, प्रमोद शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।