श्रमिक नेता अनिल गोस्वामी के निधन पर सीटू ने झंडा चढ़ाकर दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Share on Social Media


देहरादून। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) ने वरिष्ठ श्रमिक नेता एवं संगठन से लंबे समय से जुड़े रहे अनिल गोस्वामी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अनिल गोस्वामी का 2 अक्टूबर को मैक्स अस्पताल, देहरादून में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनकी अंत्येष्टि नालापानी रोड स्थित श्मशान घाट पर की गई।

अनिल गोस्वामी ऑर्डनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त होने के बाद भी श्रमिकों के अधिकारों और हितों के लिए निरंतर संघर्ष करते रहे। ऑर्डनेंस फैक्ट्री रायपुर, देहरादून में कार्यरत रहते हुए उन्होंने श्रमिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और उनके समाधान के लिए सदैव मुखर रहे। सेवानिवृत्ति के पश्चात भी उनका श्रमिक आंदोलन और सीटू से जुड़ाव निरंतर बना रहा।

कुछ दिनों से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था, जिसके चलते उन्हें मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से श्रमिक आंदोलन और ट्रेड यूनियन जगत में शोक की लहर है। उपस्थित श्रमिक नेताओं ने कहा कि अनिल गोस्वामी का संघर्षशील जीवन और श्रमिकों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव याद की जाएगी।

अंत्येष्टि के अवसर पर सीटू के प्रांतीय महामंत्री लेखराज ने सीटू का झंडा अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सीटू के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र सिंह नेगी, सीपीएम के प्रांतीय मंत्री राजेंद्र पुरोहित, जिला मंत्री शिव प्रसाद देवली, अनंत आकाश, रक्षा यूनियन के जगदीश छिमवाल, मनमोहन रोताज़वर रावत, अशोक शर्मा, विजय भट्ट, इन्द्रेश नौटियाल सहित बड़ी संख्या में श्रमिक नेता, ट्रेड यूनियन कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभी उपस्थित लोगों ने दिवंगत अनिल गोस्वामी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *