बंशीधर भगत का बयान राजनीतिक हताशा और कांग्रेस के इतिहास के प्रति अज्ञानता का प्रतीक : डॉ. प्रतिमा सिंह

Share on Social Media


देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने भाजपा विधायक बंशीधर भगत के कांग्रेस के इतिहास को नरसंहारों से दागदार बताने वाले बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह टिप्पणी उनकी राजनीतिक हताशा और कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास के प्रति अज्ञानता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को कांग्रेस के इतिहास पर टिप्पणी करने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।

डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास नरसंहारों से नहीं, बल्कि देश की आजादी के संघर्ष, त्याग, बलिदान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा है। कांग्रेस ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कांग्रेस के इतिहास को गलत तरीके से प्रस्तुत करना स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और योगदान का अपमान है।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को ऐसे बयान देने से पहले ऐतिहासिक तथ्यों का अध्ययन करना चाहिए। कांग्रेस ने हमेशा संविधान, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक सद्भाव की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। देश की एकता और अखंडता में कांग्रेस के योगदान को राजनीतिक बयानबाजी से मिटाया नहीं जा सकता।

डॉ. प्रतिमा सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए बार-बार कांग्रेस के इतिहास पर अनर्गल टिप्पणियां करते हैं। उन्होंने बंशीधर भगत से सवाल किया कि कांग्रेस पर लगाए गए आरोपों का ऐतिहासिक और तथ्यात्मक आधार क्या है?

उन्होंने कहा कि भाजपा को कांग्रेस के इतिहास पर सवाल उठाने के बजाय स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अपनी भूमिका और अपने नेताओं के योगदान का जवाब देना चाहिए। कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा के इतिहास को षड्यंत्रों और अंग्रेजों से माफी मांगने वालों का इतिहास बताते हुए कहा कि कांग्रेस के बलिदानों पर सवाल उठाकर भाजपा अपनी सरकार की नाकामियों और जनता के प्रति जवाबदेही से बच नहीं सकती। जनता भाजपा की कथनी और करनी दोनों को समझ चुकी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *