मातृशक्ति उत्तराखण्ड की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक प्रगति की आधारशिला: मुख्यमंत्री धामी

Share on Social Media


चमोली।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग किया। महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा से अनाज पीसा और मथानी से दही मथकर पहाड़ की लोकसंस्कृति से अपना जुड़ाव प्रदर्शित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की मातृशक्ति प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला है। पहाड़ की महिलाएं परिवार के पालन-पोषण के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने गौरा देवी के नेतृत्व में हुए चिपको आंदोलन को महिला शक्ति और पर्यावरण संरक्षण का विश्वव्यापी प्रेरणास्रोत बताया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए प्रतिबद्ध है। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार तथा 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। वहीं, बैणी-भुली योजना के माध्यम से पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जाएगा, जिसकी पहली किस्त दिसंबर में जारी होगी।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, छात्राओं, प्रगतिशील किसानों, खेल प्रतिभाओं और लोकसंस्कृति के संरक्षण में योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चमोली जनपद में 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने हेलंग-डूंगरी बरोसी, गोपेश्वर-पोखरी तथा त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्गों के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, विधायक अनिल नौटियाल एवं भूपाल राम टम्टा, जिलाधिकारी गौरव कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *