टिहरी के गुलर में बस हादसे पर गणेश गोदियाल और हरीश रावत ने जताया गहरा शोक, उच्चस्तरीय जांच और उचित मुआवजे की मांग

Share on Social Media


देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हरिद्वार से जोशीमठ जा रही बस के टिहरी गढ़वाल के गुलर क्षेत्र में हुए भीषण हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की। साथ ही हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

गोदियाल ने कहा कि यह हृदयविदारक दुर्घटना कई परिवारों के लिए कभी न भरने वाला दुख छोड़ गई है। अपनों को असमय खोने वाले परिवारों की पीड़ा शब्दों में व्यक्त नहीं की जा सकती। कांग्रेस पार्टी इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उनके दुःख में सहभागी है।

उन्होंने कहा कि पहाड़ी मार्गों पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। ऐसे हादसे पहाड़ों के लिए किसी अभिशाप से कम नहीं हैं। सरकार को इन दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की हृदयविदारक घटनाओं में निर्दोष लोगों को अपनी जान न गंवानी पड़े।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बस दुर्घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने, हादसे के कारणों का पता लगाकर जिम्मेदारी तय करने तथा मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी टिहरी के गुलर क्षेत्र में हुए बस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। हरीश रावत ने ऋषिकेश स्थित एम्स पहुंचकर दुर्घटना में घायल लोगों से मुलाकात की और अस्पताल में उनके उपचार की स्थिति की जानकारी लेने के साथ ही बचाव एवं राहत कार्यों का जायजा भी लिया।

कांग्रेस नेताओं ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार हादसे से प्रभावित लोगों और उनके परिजनों के साथ खड़ा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *