देहरादून में 18 नवंबर को चलेगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान, 6.57 लाख से अधिक बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजॉल की दवा

Share on Social Media


देहरादून। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम के तहत जनपद देहरादून में बुधवार, 18 नवंबर को 1 से 19 वर्ष तक की आयु के बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव के लिए एल्बेंडाजॉल की दवा खिलाई जाएगी। अभियान के अंतर्गत जनपद में कुल 6,57,234 बच्चों को दवा देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्धारित तिथि पर किसी कारणवश दवा लेने से छूट जाने वाले बच्चों को 25 नवंबर को आयोजित होने वाले मॉपअप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी।

अभियान के सफल संचालन और तैयारियों की समीक्षा के लिए मंगलवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निर्धारित तिथि पर जनपद के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा अन्य संबंधित संस्थानों में बच्चों को एल्बेंडाजॉल की दवा खिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को रैपिड रिस्पांस टीमों के माध्यम से अभियान की नियमित निगरानी करने तथा सभी संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और शारीरिक विकास के लिए कृमि संक्रमण से बचाव अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए सभी विभाग पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत बच्चों को दवा खिलाने पर जोर देते हुए कहा कि कोई भी बच्चा इस अभियान के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा सभी विकासखंडों में तैनात स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *