देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने सरकारी आवास में इगास पर्व की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उत्सव मनाया। इस अवसर पर उन्होंने भैलो खेलकर उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं का निर्वहन किया। लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक वेशभूषा से सजे कार्यक्रम में पहाड़ की सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इगास उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, आस्था, सामाजिक एकजुटता और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपनी जड़ों, मिट्टी और पूर्वजों की गौरवशाली परंपराओं से जोड़ता है।
उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नई पीढ़ी को इगास, हरेला, फूलदेई, घी संक्रांति और उत्तरायणी जैसे लोकपर्वों के महत्व से परिचित कराना जरूरी है। उन्होंने प्रवासी उत्तराखण्डियों से भी अपनी बोली-भाषा, लोकगीतों और पारंपरिक त्योहारों के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने का आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की लोककलाओं, लोकभाषाओं, पारंपरिक मेलों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्थानीय कलाकारों और पारंपरिक उत्पादों को प्रोत्साहित करते हुए लोकपर्वों को पूरे उत्साह और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाने की अपील की।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
