देहरादून। उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन एवं माउंटेन बाइकिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित पांचवें संस्करण ‘द अल्टीमेट उत्तराखंड एमटीबी चैलेंज-2026’ का समापन 26 नवंबर को मसूरी स्थित लक्ष्मणपुरी में होगा। समापन समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के तत्वावधान में साइकलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 18 से 26 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता का फिनिशिंग प्वाइंट सुबखोली से मसूरी बाईपास तिराहे स्थित लक्ष्मणपुरी निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आयोजन की व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने चिकित्सा विभाग को सुबखोली एवं फिनिशिंग प्वाइंट पर चिकित्सकीय टीम और एंबुलेंस तैनात करने, पुलिस को यातायात नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा शिक्षा विभाग को मार्ग में पड़ने वाले विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता कराने के निर्देश दिए। प्रतिभागियों के लिए भोजन व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
युवा कल्याण एवं पीआरडी विभाग को स्वयंसेवकों और जवानों की तैनाती, खेल विभाग को प्रशिक्षकों की उपलब्धता तथा आपदा प्रबंधन विभाग को प्रमुख स्थलों पर एसडीआरएफ की टीम तैनात करने के निर्देश दिए गए।
परिवहन विभाग को यातायात व्यवस्था में सहयोग देने तथा नगर पालिका मसूरी को मार्ग पर साफ-सफाई, डस्टबिन, संकेतक बोर्ड और मार्किंग सहित फिनिशिंग स्थल पर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, सीएमओ नरेंद्र कुमार, जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान, जिला क्रीड़ा अधिकारी शबाली गुरंग, टीआई पुलिस नरेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
