देहरादून। जनपद के नवनियुक्त मुख्य विकास अधिकारी सीडीओ डॉ. दीपक सैनी ने बुधवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने शासन का आभार व्यक्त करते हुए जनपद में विकास कार्यों को गति देने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को अपनी प्राथमिकता बताया।
डॉ. सैनी ने ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका संवर्धन एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। साथ ही विकास कार्यों की गुणवत्ता, लंबित परियोजनाओं को समय पर पूरा करने, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता देने की बात कही।
उन्होंने नियमित क्षेत्रीय भ्रमण, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं की समीक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण एवं आपदा सुरक्षा के साथ सतत विकास पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
डॉ. दीपक सैनी ने कहा कि सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के सहयोग से टीम भावना, पारदर्शिता और परिणामोन्मुख कार्यशैली के साथ देहरादून को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जाएगा।
