पैठाणी पौड़ी। राठ महाविद्यालय, पैठाणी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक गणेश गोदियाल ने प्रतिभाग कर दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और उनके राष्ट्र के प्रति योगदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर गणेश गोदियाल ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा, त्याग और सामाजिक समरसता का संदेश आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा को अपना जीवन-दर्शन बनाकर देश को स्वतंत्रता के आंदोलन में नई दिशा प्रदान की।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को भी नमन किया। शास्त्री जी का ‘जय जवान, जय किसान’ का उद्घोष देश के जवानों और किसानों के सम्मान तथा राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूती प्रदान करता है।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने उपस्थित छात्र नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के जीवन आदर्श केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि वर्तमान और भावी पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक हैं। सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के उनके मूल्यों को अपने जीवन में अपनाकर ही हम एक बेहतर समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण में योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे दोनों महान विभूतियों के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रसेवा के कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम में राठ महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
