देहरादून, 03 अक्टूबर 2026 (सू.वि.)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के बाद शनिवार को जनपद देहरादून की फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सूची की जानकारी साझा की। इस अवसर पर दलों को विधानसभा क्षेत्रवार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली और सर्विस निर्वाचक नामावली की हार्ड कॉपी तथा सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई।जिलाधिकारी ने एसआईआर कार्यक्रम में सहयोग के लिए राजनीतिक दलों का आभार व्यक्त किया और आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में भी सहयोग का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी सभी दायित्व भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्षता और पारदर्शिता से पूरे किए जाएं।
अंतिम सूची में 11,94,797 मतदाता
जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में जिले के 11,90,805 मतदाता दर्ज थे। इनमें 6,15,349 पुरुष, 5,75,404 महिलाएं और 52 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल थे। पुनरीक्षण के बाद अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 11,94,797 हो गई है। इनमें 6,17,041 पुरुष, 5,77,706 महिलाएं और 50 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। अंतिम सूची में 9,371 सर्विस मतदाता भी पंजीकृत हैं।पुनरीक्षण के दौरान 36,042 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि मृत्यु, स्थानांतरण और अन्य कारणों से 32,050 नाम हटाए गए। इस तरह प्रारूप सूची के मुकाबले अंतिम सूची में 3,992 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि हुई।
सहसपुर में सबसे अधिक मतदाता
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार सहसपुर में सबसे अधिक 1,60,507 मतदाता पंजीकृत हैं। धर्मपुर में 1,50,400, डोईवाला में 1,46,980, रायपुर में 1,38,164 और ऋषिकेश में 1,25,553 मतदाता हैं।चकराता में 1,04,060, विकासनगर में 1,00,402, मसूरी में 98,953, देहरादून कैंट में 89,209 और राजपुर रोड में 80,569 मतदाता पंजीकृत हैं। जिले की सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,045 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रविन्द्र ज्वांठा और जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। भारतीय जनता पार्टी से अरविंद कुमार जैन और महेश गुप्ता, सीपीआई (एम) से अनंत आकाश, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से जसविंदर सिंह और सुनील जायसवाल, बहुजन समाज पार्टी से सतेन्द्र कुमार और सतेन्द्र चोपड़ा तथा आम आदमी पार्टी से कमल राणा बैठक में शामिल हुए। जिले के सभी संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
