ग्रामीण प्रतिभा ने राठ महाविद्यालय पैठाणी का बढ़ाया गौरव, अखिलेश कुमार प्री-आरडी कैंप के लिए चयनित

Share on Social Media


पैठाणी,पौड़ी गढ़वाल। दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्र में स्थित राठ महाविद्यालय पैठाणी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने लगातार दूसरे वर्ष प्री-रिपब्लिक डे परेड कैंप में स्वयंसेवी ने चयन की उपलब्धि हासिल कर महाविद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवी छात्र अखिलेश कुमार का प्री-रिपब्लिक डे परेड कैंप (मध्य क्षेत्र) 2026 के लिए चयन हुआ है।

यह शिविर 21 से 30 नवंबर तक डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा (उत्तर प्रदेश) में आयोजित होगा। चयन प्रक्रिया में प्रदेशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों से सैकड़ों स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच उत्तराखंड से आठ छात्र एवं आठ छात्राओं का चयन किया गया, जिसमें ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले अखिलेश कुमार ने अपनी मेहनत, लगन, अनुशासन और प्रतिभा के बल पर स्थान सुनिश्चित किया।

आगरा में आयोजित होने वाले शिविर में पुनः चयन प्रक्रिया के बाद सफल प्रतिभागियों को गणतंत्र दिवस पर 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर आयोजित राष्ट्रीय परेड में शामिल होने का अवसर मिल सकता है, जो किसी भी स्वयंसेवी के लिए गौरव और सम्मान का विषय है।

अखिलेश कुमार ने अपनी इस सफलता के लिए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जितेन्द्र कुमार नेगी, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. देव कृष्ण थपलियाल तथा श्रीनगर विश्वविद्यालय के एनएसएस समन्वयक डॉ. राकेश नेगी अनंत के मार्गदर्शन एवं सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

लगातार दूसरे वर्ष इस उपलब्धि को हासिल करने पर महाविद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है। क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक संगठनों ने भी राठ महाविद्यालय की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अखिलेश कुमार को शुभकामनाएं दीं। यह उपलब्धि न केवल महाविद्यालय की पहचान को नई ऊंचाइयां दे रही है, बल्कि पहाड़ के ग्रामीण युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनकर उभरी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *