मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा में आमजन से किया संवाद, अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

Share on Social Media


खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज खटीमा स्थित लोहियाहेड हेलीपैड पर आम जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष विभिन्न जनसमस्याएं एवं आवश्यकताओं को रखा। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक होगी, जब आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों से जनशिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों, स्थानीय आवश्यकताओं एवं नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संबंध में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार आमजन की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, भवानी भंडारी, दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, जिला उपाध्यक्ष भाजपा अमित कुमार पांडेय, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *