देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों के क्रम में आज अपर जिलाधिकारी स्मृता परमार एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में जन समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। जन समाधान दिवस में 110 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जन समाधान दिवस में मुख्य रूप से भूमि विवाद, अवैध कब्जे, ग्राम पंचायत की संपत्तियों, विद्युत विभाग से संबंधित समस्याओं तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत स्थापित सोलर पैनलों से उत्पादित बिजली की यूनिटों के समायोजन से जुड़ी शिकायतें सामने आईं।
ग्राम पंचायत रामपुरकलां के ग्रामीणों ने पीठ/हाट बाजार की नीलामी अवधि समाप्त होने के बावजूद प्रत्येक शुक्रवार को बाजार में कथित अवैध वसूली किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने बाजार की शीघ्र नीलामी कराने तथा नई नीलामी प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी प्रकार की वसूली पर रोक लगाने की मांग की। इस पर खंड विकास अधिकारी सहसपुर को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
संजय कॉलोनी, मोहिनी रोड निवासी मदनमोहन नेगी ने अपने आवास पर स्थापित 3 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल से उत्पादित एवं विद्युत ग्रिड में भेजी गई बिजली की यूनिटों का विद्युत बिल में समुचित समायोजन नहीं होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि कुल 7165 यूनिट में से अधिकांश यूनिटों का समायोजन अभी तक नहीं किया गया है। इस पर संबंधित विद्युत अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर बकाया यूनिटों का नियमानुसार समायोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम शेरपुर निवासी खीमा देवी ने अपनी निजी भूमि पर बिना सहमति विद्युत विभाग द्वारा तीन बिजली के पोल लगाए जाने तथा पूर्व में की गई शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने का मामला उठाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की। इस पर विद्युत विभाग को अभिलेखों एवं तथ्यों के आधार पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
परवल, होपटाउन निवासी अमित कुमार सेठी ने अपने नाम दर्ज आवासीय भूखंड पर दूसरे पक्ष द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत प्रस्तुत करते हुए भूमि संबंधी अभिलेखों एवं पूर्व में की गई पुलिस शिकायत का हवाला दिया और भूखंड पर कब्जा दिलाने का अनुरोध किया। वहीं रामपुरकलां निवासी संतोष पंडित ने भूमि खरीदने के बावजूद कब्जा नहीं मिलने तथा विक्रेता द्वारा कथित रूप से फर्जी भूमि विक्रय किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने भूमि अभिलेखों की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।
ग्राम पंचायत रामपुरकलां निवासी शम्भू चोपड़ा ने गांव के प्राचीन खेड़ा एवं मंदिर की भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला उठाया। उन्होंने भूमि की पैमाइश कराकर सार्वजनिक एवं धार्मिक महत्व की संपत्ति को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की। इन भूमि संबंधी मामलों के दृष्टिगत उप जिलाधिकारी विकासनगर को आवश्यक जांच, अभिलेखों का परीक्षण तथा नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जन समाधान दिवस में मालदेवता स्थित पीपीसीएल में 09 सितंबर 2026 को हुई घटना में स्व. संदेश थापा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु के मामले में उनके पिता हरक बहादुर, निवासी ग्राम चिसोपानी, मोहम्मदपुर बड़कली, ग्रामसभा दुधली, विकासखंड डोईवाला ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच की मांग की। प्रकरण का संज्ञान लेते हुए संयुक्त मजिस्ट्रेट ने पुलिस क्षेत्राधिकारी रायपुर को आवश्यक कार्रवाई करने, निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा संबंधित पक्षों के बयान दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी स्मृता परमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को महज औपचारिकता न समझें, बल्कि प्रत्येक प्रकरण में तथ्यों की गहनता से जांच करते हुए शिकायतकर्ताओं को वास्तविक राहत उपलब्ध कराएं। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न करने तथा जिन मामलों में संयुक्त जांच की आवश्यकता है, उनमें संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के साथ की गई कार्रवाई की आख्या भी प्रस्तुत करें।
जिला प्रशासन का उद्देश्य जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जन समाधान दिवस में अपर नगर मजिस्ट्रेट रविन्द्र जुवांठा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार, एमडीडीए, विद्युत, सिंचाई, लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
