देहरादून। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन प्रभारी राजेन्द्र शाह ने 1 नवम्बर, 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस पार्टी के आह्वान पर आयोजित विशाल रैली की ऐतिहासिक सफलता पर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व, वरिष्ठ नेताओं, उत्तराखंड प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेतागणों, कांग्रेसजनों एवं कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
राजेन्द्र शाह ने कहा कि रामलीला मैदान में उमड़ा जनसैलाब इस बात का स्पष्ट संकेत है कि देश की जनता केंद्र एवं भाजपा शासित राज्य सरकारों की जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग से त्रस्त हो चुकी है। देशभर से लाखों की संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की भागीदारी ने यह साबित कर दिया है कि लोकतंत्र, संविधान और आम आदमी के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष अब और अधिक व्यापक एवं निर्णायक रूप ले चुका है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी-बड़ी बातें करने वाली भाजपा सरकारों के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के अनेक गंभीर आरोप सामने आए हैं। भाजपा नेताओं को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने शासन और कार्यप्रणाली का आत्ममंथन करना चाहिए। भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति कर सत्ता हासिल करने वाली भाजपा के शासनकाल में राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर भी सवाल उठना गंभीर विषय है। भगवान श्रीराम करोड़ों देशवासियों की आस्था के प्रतीक हैं। ऐसे में उनकी आस्था से जुड़े प्रत्येक विषय में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार एवं मंदिर प्रबंधन की नैतिक जिम्मेदारी है।
शाह ने कहा कि आज देश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, किसान अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहा है और गरीब एवं मध्यम वर्ग महंगाई की मार झेलने को मजबूर है। आर्थिक असमानता लगातार बढ़ रही है तथा आम आदमी की आर्थिक स्थिति कठिन होती जा रही है। इसके बावजूद भाजपा सरकारें जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने के बजाय वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही हैं। रामलीला मैदान की महारैली ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को दबने नहीं देगी और लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्रदेश से बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश कांग्रेस संगठन राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ पूरी मजबूती और एकजुटता से खड़ा है। रैली की सफलता के लिए उन्होंने प्रदेश के समस्त कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इसी एकजुटता, समर्पण और संघर्ष की भावना के साथ कांग्रेसजन जनहित के मुद्दों को लेकर भाजपा सरकारों के खिलाफ अपना आंदोलन और तेज करेंगे।
राजेन्द्र शाह ने कहा कि उत्तराखंड में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह तथा चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में लगातार जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाया जा रहा है। प्रदेशभर में कार्यक्रमों एवं जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, विफलताओं और जनसमस्याओं को जनता तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का करारा जवाब देगी और कांग्रेस पार्टी को पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापस लाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि प्रदेश में जनहित, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और विकास को प्राथमिकता देने वाली सरकार स्थापित करना है। भाजपा सरकारों को केंद्र और राज्यों की सत्ता से हटाने तक कांग्रेस का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
