देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्य सेवक सदन में ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ का शुभारंभ एवं ‘विकसित उत्तराखण्ड विजन-2047’ का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये दोनों पहलें सुशासन को मजबूत बनाने, पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि परिवार पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के परिवारों का एकीकृत डिजिटल डेटाबेस तैयार होगा। प्रत्येक परिवार को विशिष्ट परिवार आईडी दी जाएगी, जिससे सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की पहचान आसान होगी और नागरिकों को बार-बार दस्तावेज जमा करने तथा विभागों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प के अनुरूप राज्य सरकार विकसित उत्तराखण्ड के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही है। विजन-2047 प्रदेश के दीर्घकालिक विकास की व्यापक कार्ययोजना है, जिसमें कृषि, पर्यटन, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कौशल विकास और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था डेढ़ गुना से अधिक बढ़ चुकी है। पिछले वर्ष जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत तथा प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था को लगभग 28 लाख करोड़ रुपये तथा प्रति व्यक्ति आय को 20 लाख रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एवं खजान दास, विधायक सविता कपूर, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, प्रमुख सचिव नियोजन डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सेतु आयोग के सलाहकार दिनेश अग्रवाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी शत्रुघ्न सिंह सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। विभिन्न जनपदों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े।
