खेल महाकुम्भ-2026 का भव्य समापन, देहरादून बना मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का विजेता;

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मिनी स्टेडियम, ननूरखेड़ा में आयोजित खेल महाकुम्भ-2026 एवं मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के विजेता जनपद देहरादून को ट्रॉफी के साथ ₹5 लाख की पुरस्कार राशि प्रदान की। मुख्यमंत्री ने meroyuva.in पोर्टल का विमोचन भी किया। समारोह में मलखम्ब एवं आर्टिस्टिक योग के आकर्षक प्रदर्शन ने दर्शकों का मन मोह लिया।

उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ-साथ खेल भूमि के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। खेल महाकुम्भ ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रभावी मंच बन चुका है। वर्ष 2017 में शुरू हुए इस आयोजन में पिछले वर्ष लगभग 2.20 लाख खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 3.35 लाख से अधिक हो गई है।

मुख्यमंत्री धामी बताया कि इस वर्ष मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत प्रदेश की 662 न्याय पंचायतों, सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों, संसदीय क्षेत्र एवं राज्य स्तर पर कुल 32 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक विजेता खिलाड़ियों को लगभग ₹11 करोड़ 30 लाख की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाले पात्र खिलाड़ियों को निर्धारित नियमों के अंतर्गत सरकारी सेवाओं में सीधी भर्ती के पदों पर 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने का निर्णय लिया है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अवसरों और संसाधनों के अभाव में पीछे न रहना पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है। उत्तराखण्ड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाया। खेल महाकुम्भ से निकलने वाली प्रतिभाएं भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल एवं कुन्दन सिंह लटवाल, विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा तथा निदेशक युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल दीप्ति सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *