पत्रकारों की समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में सूचना विभाग निभाए सक्रिय भूमिका: ध्रुव रौतेला

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने आज जिला सूचना कार्यालय, देहरादून का भ्रमण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली, मीडिया प्रतिनिधियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा विभागीय गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विभागीय कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर रौतेला ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा मीडिया प्रतिनिधियों के लिए संचालित विभिन्न सुविधाओं का लाभ सभी पात्र पत्रकारों को सरल, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और समाज तथा सरकार के बीच संवाद का सशक्त माध्यम हैं। इसलिए पत्रकारों से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ लेते हुए शासन के संज्ञान में लाया जाए, ताकि उनका समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने जिला सूचना कार्यालय को आवंटित बजट, विभागीय गतिविधियों एवं संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब उनकी जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पात्र लाभार्थियों को उनका वास्तविक लाभ मिल सके। इसके लिए सांस्कृतिक दलों के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी बनाया जाए तथा विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों तक लाभ पहुंचाने में सूचना विभाग सक्रिय भूमिका निभाए।

रौतेला ने कार्यालय में कार्यरत स्थायी एवं अस्थायी कार्मिकों से भी संवाद किया तथा उनके कार्यों, दायित्वों और कार्यस्थल से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों को बेहतर बनाने के लिए कार्मिकों की समस्याओं का समाधान और कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण भी आवश्यक है।

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, मीडिया प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, विभिन्न विभागीय गतिविधियों तथा कार्यों की प्रगति के संबंध में उपाध्यक्ष को विस्तार से जानकारी दी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *