मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर को दी ₹9.13 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, नौ साल बाद शुरू हुई सिटी बस सेवा

Share on Social Media


श्रीनगर ,पौड़ी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज श्रीयंत्र टापू, श्रीनगर में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए नगर एवं आसपास के क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करने के उद्देश्य से ₹9.13 करोड़ की लागत की 9 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

श्रीनगर पहुंचने पर बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों एवं युवाओं ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लंबे समय से प्रतीक्षित सिटी बस सेवा का शुभारंभ करने के साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि वितरित की तथा 51 महिला पर्यावरण मित्रों को हेल्थ एवं हाइजीन किट प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखण्ड’ कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को ₹2,01,530 की प्रोत्साहन राशि का चेक वितरित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। महिला स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने तथा स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि महिलाओं की आजीविका के साधनों का विस्तार हो और वे विकास की मुख्यधारा में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

धामी ने कहा कि आज श्रीनगर के विकास को नई गति देने के लिए ₹9 करोड़ से अधिक की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। इन योजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, नागरिक सुविधाएं सुदृढ़ होंगी तथा नगर के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास, सुशासन और समृद्धि के संकल्प के साथ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी। उनका जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने एक ऐसे सशक्त राष्ट्र की कल्पना की थी, जहां राष्ट्रहित सर्वोपरि हो और प्रत्येक नागरिक देश की एकता एवं अखंडता के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर उत्तराखण्ड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही हैं। प्रदेश में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन एवं आधारभूत संरचनाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसका प्रत्यक्ष लाभ स्थानीय व्यापारियों, युवाओं, होटल व्यवसायियों और अन्य स्थानीय लोगों को मिल रहा है। पौड़ी जनपद में भी विभिन्न विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि चारों धामों को ऑल वेदर रोड परियोजना के माध्यम से बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ा जा रहा है, जिसमें श्रीनगर की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस रेल मार्ग पर श्रीनगर में भी स्टेशन स्थापित किया जा रहा है, जिससे भविष्य में क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा और पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने श्रीनगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए करीब नौ वर्ष बाद नगर में सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने पार्षदों से भरी सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस सेवा के शुरू होने से नगरवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा शहरी परिवहन व्यवस्था अधिक सुगम एवं व्यवस्थित होगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ईवी चार्जिंग स्टेशन की सुविधा उपलब्ध होने से शहर में पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को प्रोत्साहन मिलेगा और स्वच्छ एवं हरित उत्तराखण्ड के संकल्प को मजबूती मिलेगी।

नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में लोकार्पित एवं शिलान्यास की गई योजनाओं में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वाटर हार्वेस्टिंग पार्क), सड़क एवं नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क, विभिन्न पार्कों का सौंदर्यीकरण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित विकास कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं से स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही नगर के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान बच्चों के साथ उनका आत्मीय संवाद भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कॉलेज गेट के समीप विद्यार्थियों को देखकर मुख्यमंत्री प्रोटोकॉल से हटकर अपने वाहन से नीचे उतरे और बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे बातचीत की। उन्होंने बच्चों का हालचाल जाना और उनकी पढ़ाई एवं गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर विद्यार्थी काफी उत्साहित नजर आए। मुख्यमंत्री का यह सहज एवं आत्मीय व्यवहार वहां उपस्थित लोगों के बीच चर्चा का विषय बना।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, विधायक भरत चौधरी, महापौर आरती भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष  रचना बुटोला, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *