इंदिरा गांधी और सरदार पटेल का राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता में योगदान अविस्मरणीय : गणेश गोदियाल

Share on Social Media


देहरादून। पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण किया।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि स्वर्गीय इंदिरा गांधी और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का देश के निर्माण, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में ऐतिहासिक एवं अतुलनीय योगदान रहा है। दोनों महान नेताओं ने अपने अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व से देश को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने अपने दृढ़ नेतृत्व और साहसिक निर्णयों से भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक सशक्त पहचान दिलाई। उनके कार्यकाल में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी सामरिक, राजनीतिक और कूटनीतिक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। वहीं सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी असाधारण नेतृत्व क्षमता और दृढ़ संकल्प के बल पर देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर स्वतंत्र भारत की एकता एवं अखंडता की मजबूत नींव रखी।

गोदियाल ने कहा कि इन महान विभूतियों का जीवन हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने, चुनौतियों के सामने दृढ़ता से खड़े रहने तथा देश की एकता और लोकतांत्रिक परंपराओं की रक्षा करने की प्रेरणा देता है। आज उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का मूल्यांकन करना सूरज को दीपक दिखाने के समान है। इन दोनों महान नेताओं का योगदान केवल भारत के इतिहास तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्व इतिहास में भी उनका विशिष्ट स्थान है। इंदिरा गांधी ने अपने दृढ़ संकल्प, साहसिक नेतृत्व और दूरदर्शी नीतियों से भारत को विश्व पटल पर एक नई पहचान दिलाई, वहीं सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति और कुशल राजनीतिक नेतृत्व से देश की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में इन महान नेताओं के विचार और अधिक प्रासंगिक हैं। देश की एकता, सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और लोकतांत्रिक परंपराओं को बनाए रखने के लिए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर सामूहिक रूप से कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी,प्रदेश उपाध्यक्ष सुजाता पॉल एवं लालचंद, महामंत्री अश्विनी बहुगुणा, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी,अध्यक्ष मदनलाल,रघुवीर बिष्ट, डॉ. प्रतिमा सिंह, मनवर सिंह रावत, अर्जुन भण्डारी, अभिनव थापर, अर्जुन कुमार सहित प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *