मुख्यमंत्री धामी ने मॉडल प्राथमिक विद्यालय नगला तराई का किया लोकार्पण, आधुनिक शिक्षा सुविधाओं से सुसज्जित हुआ विद्यालय

Share on Social Media


खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज ऊधमसिंह नगर जनपद के खटीमा स्थित मॉडल प्राथमिक विद्यालय, नगला तराई के उद्घाटन समारोह में प्रतिभाग कर विद्यालय के पुनर्निर्माण एवं आधुनिकीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने ₹65.07 लाख की लागत से राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगला तराई में निर्मित मंच एवं परिसर सौंदर्यीकरण कार्यों का भी लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने विद्यालय में स्मार्ट क्लास एवं आधुनिक प्रयोगशाला का निरीक्षण किया तथा बच्चों से आत्मीय संवाद कर उन्हें चॉकलेट एवं उपहार वितरित किए। उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें झूला भी झुलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने बताया कि विद्यालय में पांच आधुनिक कक्षों के साथ स्टेम लैब स्थापित की गई है, जहां बच्चे विज्ञान, तकनीकी, इंजीनियरिंग एवं गणित की शिक्षा व्यावहारिक और रोचक तरीके से प्राप्त कर सकेंगे। वर्तमान में यहां लगभग 70 बच्चे अध्ययनरत हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश के 32 पीएम श्री विद्यालयों के लिए ₹4 करोड़ से अधिक की धनराशि जारी की गई है तथा 1.45 लाख छात्र-छात्राओं को नोटबुक उपलब्ध कराने के लिए लगभग ₹8 करोड़ की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, वर्चुअल क्लास एवं कंप्यूटर लैब स्थापित की जा रही हैं। विद्यार्थियों को नीट एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग भी उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने क्षेत्र में शिक्षा, कृषि, बागवानी, महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार एवं स्टार्टअप की संभावनाओं पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिला पंचायत सदस्य सूरज धामी, ग्राम प्रधान दीपू मेहरा, दिनेश राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शाशनी, इंडिया ग्लाइकोल के निदेशक आलोक सिंघल, राजेश कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *