
देहरादून। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय के कथित पेपर लीक मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में नन्दा की चौकी से विश्वविद्यालय गेट तक जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय का घेराव कर तकनीकी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत का पुतला दहन किया तथा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मार्च करते हुए विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने “युवा विरोधी सरकार मुर्दाबाद”, “पेपर लीक बंद करो” और “दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करो” जैसे नारे लगाए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक की घटनाएं युवाओं के भविष्य पर सीधा प्रहार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में तकनीकी शिक्षा, नीट तथा उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग सहित कई परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच नहीं कराई गई तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में अपना आंदोलन तेज करेगी। उन्होंने न्यायिक जांच तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
प्रीतम सिंह ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामलों ने लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का विश्वास तोड़ा है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत करने वाले छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस इस मुद्दे को विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाएगी।
डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि जब परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता ही सुरक्षित नहीं रहेगी तो मेहनती और प्रतिभाशाली छात्रों का मनोबल टूटना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि पारदर्शी एवं सुरक्षित परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रदर्शन के बाद पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत सहित कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर सुद्धोवाला जेल पहुंचाया, जहां कुछ समय बाद सभी को रिहा कर दिया गया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना, कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र भंडारी, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।