
देहरादून। उत्तराखण्ड सरकार के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, देहरादून में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में शोकसभा आयोजित की गई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने स्व. हीरा सिंह बिष्ट के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि स्व. हीरा सिंह बिष्ट कांग्रेस पार्टी के अनुभवी, कर्मठ एवं जनप्रिय नेता थे। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी ने अपना एक मार्गदर्शक खो दिया है और यह क्षति कभी पूरी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखण्ड तक के अपने लंबे राजनीतिक जीवन में स्व. बिष्ट ने सदैव जनहित और प्रदेश के विकास के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया तथा उत्तराखण्ड सरकार में मंत्री रहते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए।
गोदियाल ने कहा कि छात्र राजनीति से शुरू हुआ स्व. हीरा सिंह बिष्ट का सार्वजनिक जीवन संघर्ष, समर्पण और जनसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण रहा। उनके कुशल एवं अनुभवी नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने अनेक महत्वपूर्ण भूमिकाओं का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनका असमय निधन प्रदेश, क्षेत्र और कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
इससे पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने स्व. हीरा सिंह बिष्ट के आवास पर पहुंचकर उन्हें पुष्पचक्र अर्पित किया तथा कांग्रेस पार्टी का ध्वज चढ़ाकर समस्त कांग्रेसजनों की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही शोक संतप्त परिजनों एवं शुभचिंतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
शोकसभा में प्रदेश महामंत्री (संगठन) राजेन्द्र भंडारी, नवीन जोशी, अश्विनी बहुगुणा, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रवक्ता सुजाता पॉल, डॉ. प्रतिमा सिंह, मंजू त्रिपाठी, राजीव कुमार, आशीष नौटियाल, उपेन्द्र थापली, यशपाल चौहान, कविन्द्र इष्टवाल, पिया थापा, अखिलेश उनियाल, अमरदेव गोनियाल, पूनम कंडारी, विरेन्द्र पंवार, चन्द्रकला नेगी, पुष्पा पंवार, कमल सिंह रावत, प्रीतम आर्य, प्रशांत खंडूरी, रितेश जोशी, लाखीराम बिजलवाण, करतार नेगी, विकास नेगी , हुकम सिंह कठैत, सहित तमाम कांग्रेसी उपस्थित थे।