देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में तीन कांग्रेस नेताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है।

प्रदेश कांग्रेस महामंत्री संगठन राजेन्द्र सिंह भंडारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार पूर्व जिलाध्यक्ष महेन्द्र लुंठी, पूर्व महिला जिलाध्यक्ष भावना नगरकोटी तथा दीपक लुंठी को तत्काल प्रभाव से पार्टी से बाहर कर दिया गया है।
राजेन्द्र सिंह भंडारी ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे “परिवर्तन संकल्प सम्मेलन” के अंतर्गत 30 जून 2026 को पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आरोप है कि उक्त तीनों नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम के दौरान मंच पर व्यवधान उत्पन्न किया, जबकि इस दौरान स्वयं प्रदेश अध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। पार्टी में इसे गंभीर अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधि माना है।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद तीनों नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया था। साथ ही जिला कांग्रेस कमेटी, पिथौरागढ़ से विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की गई। प्राप्त रिपोर्ट तथा राष्ट्रीय नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के आधार पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए तीनों नेताओं को छह वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने का निर्णय लिया।
राजेन्द्र सिंह भंडारी ने कहा कि कांग्रेस एक अनुशासित संगठन है और पार्टी अनुशासन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी व्यक्ति संगठन की मर्यादा और अनुशासन का उल्लंघन करेगा, उसके विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई की जाएगी।