दून स्कूल कर्मचारी पंचायत (वर्कर्स यूनियन) का जिला सम्मेलन संपन्न, एडवोकेट एम.सी. पंत अध्यक्ष एवं लेखराज महामंत्री निर्वाचित

Share on Social Media


देहरादून। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीटू) से संबद्ध दून स्कूल कर्मचारी पंचायत (वर्कर्स यूनियन) का जिला सम्मेलन रविवार को डी.ए.वी. इंटर कॉलेज, देहरादून में आयोजित किया गया। सम्मेलन में दून क्षेत्र के विभिन्न निजी विद्यालयों में कार्यरत बस चालकों एवं कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया तथा संगठन को मजबूत बनाने और कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।

सम्मेलन का शुभारंभ सीटू के जिला अध्यक्ष एस.एस. नेगी द्वारा संगठन का ध्वजारोहण कर किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता एस.एस. राणा, नरेंद्र सिंह एवं देवराज ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन सीटू के जिला महामंत्री लेखराज ने किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि निजी विद्यालयों में कार्यरत बस चालक एवं अन्य कर्मचारी लंबे समय से आर्थिक एवं श्रम शोषण का सामना कर रहे हैं। कर्मचारियों से निर्धारित समय से अधिक कार्य लिया जाता है, लेकिन उसके अनुरूप वेतन नहीं दिया जाता। अनेक कर्मचारियों को ईएसआई, पीएफ, सवैतनिक अवकाश, नौकरी की सुरक्षा तथा अन्य वैधानिक सुविधाओं से भी वंचित रखा जा रहा है। साथ ही मनमाने ढंग से प्रताड़ित करना, नौकरी से निकालने की धमकी देना तथा श्रम कानूनों की अनदेखी करना आम बात बन चुकी है।

इस अवसर पर सभी वक्ताओं ने जोर देकर कहा इन समस्याओं का समाधान केवल मजबूत संगठन और सामूहिक एकजुटता से ही संभव है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से यूनियन से जुड़ने, सदस्यता अभियान को तेज करने तथा प्रत्येक विद्यालय में संगठन की इकाइयों को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उनका कहना था कि संगठित मजदूर ही अपने अधिकारों की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सकता है और शोषण का मजबूती से मुकाबला कर सकता है।

सम्मेलन में यह निर्णय भी लिया गया कि निजी विद्यालयों के बस चालकों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को संबंधित विद्यालय प्रबंधन तथा प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन चलाया जाएगा।

सम्मेलन के अंत में संगठन को अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से 17 सदस्यीय नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें अध्यक्ष एडवोकेट एम.सी. पंत, उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, महामंत्री सुरेंद्र सिंह राणा, महामंत्री लेखराज, कोषाध्यक्ष देवराज, सचिव फूल सिंह एवं मुकेश थापा, संगठन मंत्री सुनील सिंह तथा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में बचन सिंह राणा, विनीत कुमार, मुरारी सिंह राणा, जयकरण, प्रेम थापा, करण सिंह को चुना गया। दो पद रिक्त रखे गए। नवगठित समिति ने संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान तथा निजी स्कूल कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष का नेतृत्व करने का संकल्प लिया।

सम्मेलन का समापन श्रमिक एकता के नारों के साथ हुआ। उपस्थित सभी साथियों ने संकल्प लिया कि “संगठित मजदूर ही मजबूत मजदूर है” और कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर निरंतर संघर्ष जारी रखा जाएगा।

इस अवसर पर सीटू के उपाध्यक्ष दीपक शर्मा, भगवंत पयाल, हिमांशु चौहान, राकेश पाल, मदनलाल, दर्शन सिंह, अर्जुन सिंह, मंगरु, जसवंत सिंह, विजेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, देव सिंह, सुनील रॉबिंसन, राजीव कुमार, शिवेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, सचिन सिंह, विक्रम सिंह, रोहतास सिंह, प्रेम थापा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *