राठ भवन निर्माण हेतु निविदा स्वीकृत, धन संग्रह के लिए क्षेत्रीय उपसमितियों का गठन

Share on Social Media

देहरादून। राठ भवन निर्माण समिति की पूर्व निर्धारित कार्यकारिणी बैठक आज शताब्दी एन्क्लेव, जोगीवाला में समिति के अध्यक्ष मेहरवान सिंह गुसाईं की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन महासचिव पुरुषोत्तम ममगाई ने किया।

बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा के उपरांत सर्वसम्मति से अनेक प्रस्ताव पारित किए गए। राठ भवन निर्माण के लिए प्राप्त निविदाओं पर व्यापक विचार-विमर्श के पश्चात सर्वसम्मति से M/s Ankit Associates, 20, Kali Mandir Enclave, GMS Road, Dehradun की न्यूनतम निविदा को स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही निर्णय लिया गया कि संबंधित फर्म के साथ आवश्यक अनुबंध की औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर भवन निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ कराया जाए।

बैठक में राठ भवन निर्माण हेतु धन संग्रह अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शहरी मध्य क्षेत्र सहित बालावाला, नथुवावाला, तुनवाला, मियावाला, डोईवाला, भानियावाला, जौलीग्रांट, बड़ोवाला, बनियावाला, श्यामपुर, प्रेमनगर, पट्टियोंवाला, सौड़ा-सिरोली एवं रायपुर क्षेत्रों के लिए क्षेत्रीय उपसमितियों का गठन भी सर्वसम्मति से किया गया।

बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलानन्द घनशाला, कोषाध्यक्ष अशोक रावत, कैप्टन गोविंद सिंह रावत, आनंद सिंह रावत, मातबर सिंह कंडारी, जसपाल गुसाईं, सोहन सिंह गुसाईं, हरि प्रसाद गोदियाल, तारकेश्वरी भंडारी, अंजना गुसाईं सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में समिति के अध्यक्ष ने सभी नवगठित उपसमितियों से राठ भवन निर्माण के लिए अधिकाधिक जनसहयोग एवं धन संग्रह अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *