देहरादून, 14 जून। राठ जनविकास समिति की कार्यकारिणी बैठक समिति के अध्यक्ष मेहरवान सिंह गुसाईं के शताब्दी एन्क्लेव स्थित आवास पर सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से राठ भवन निर्माण कार्य की प्रगति, उससे संबंधित औपचारिकताओं तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशेष रूप से उपस्थित हुए। इस अवसर पर उन्होंने राठ भवन निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारम्भ कराने हेतु हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि समाज की इस महत्वपूर्ण आवश्यकता को पूरा करने के लिए व्यक्तिगत तथा शासन- प्रशासन स्तर पर जो भी सहयोग अपेक्षित होगा उसे वो शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए तत्पर हैं।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने राठ भवन निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारम्भ किए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए इस दिशा में अब तक की गई कार्यवाही एवं भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भवन निर्माण कार्य को गति देने के लिए आवश्यक प्रयास जारी रखे जाएंगे तथा संबंधित प्रक्रियाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाएगा।
बैठक में राज्य सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष मातवर सिंह रावत,समिति के कोषाध्यक्ष अशोक रावत, महासचिव पुरुषोत्तम ममगाई, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलानन्द घनशाला, कैप्टन गोविन्द सिंह रावत, सांस्कृतिक सचिव रामप्रकाश खकरियाल,आनन्द सिंह रावत,राजेन्द्र सिंह गुसाईं, हरिप्रसाद गोदियाल,राजेन्द्र सिंह नेगी, एडवोकेट बीरेन्द्र राठी,सोहन सिंह गुसाईं सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का बैठक में सहभागिता एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया गया तथा समाजहित में उनके सहयोग के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
