खटीमा, 14 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर जनपद के खटीमा स्थित बंडिया क्षेत्र में भगवान भोलेनाथ एवं महाबली हनुमान जी की प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण किया। इस अवसर पर क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह एवं आध्यात्मिक वातावरण का विशेष माहौल रहा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि है तथा यहां की संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था हमारी पहचान का अभिन्न अंग हैं। धार्मिक स्थलों का संरक्षण एवं विकास हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान भोलेनाथ एवं महाबली हनुमान जी की प्रतिमाएं समाज में श्रद्धा, सकारात्मक ऊर्जा और जनकल्याण की भावना को और अधिक सशक्त करेंगी। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, एकता एवं संस्कारों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को मिल रहे प्रोत्साहन पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू,रणजीत सिंह नामधारी,किशन सिंह किन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, नगर पंचायत नानकमत्ता अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
