खटीमा,14 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अपने खटीमा प्रवास के दौरान आयोजित भव्य “प्रगति पथ यात्रा” में प्रतिभाग किया। खटीमा मुख्य मार्ग पर आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, मातृशक्ति एवं स्थानीय नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में राष्ट्रभक्ति, विकास और जनसमर्थन का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
प्रगति पथ यात्रा मुख्य चौराहे से प्रारंभ होकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क पहुंची, जहां मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात यात्रा शहीद स्थल पहुंची, जहां मुख्यमंत्री ने शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसी के साथ यात्रा का समापन हुआ।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाली महान विभूतियों एवं वीर शहीदों का योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों और विचारों से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करना हम सभी का दायित्व है।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने प्रदेश में संचालित विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करते हुए सरकार की उपलब्धियों पर विश्वास जताया। यात्रा में जनसहभागिता और उत्साह ने क्षेत्र में विकास एवं राष्ट्रहित के प्रति लोगों की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया।
