देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ जीएमएस रोड स्थित बल्लीवाला फ्लाईओवर से कांवली रोड होते हुए सहारनपुर चौक तक उत्तराखण्ड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) द्वारा कराए जा रहे अंडरग्राउंड केबल बिछाने के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यों की धीमी प्रगति तथा पर्याप्त मैनपॉवर एवं मशीनरी न लगाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने कटिंग समिति की अनुमति शर्तों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए आगामी पांच दिनों के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों में लापरवाही एवं धीमी प्रगति के लिए यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश भी जारी किए।
निरीक्षण के दौरान कांवली रोड से सहारनपुर चौक तक विभिन्न स्थानों पर खुदाई के बाद निर्माण सामग्री एवं मलबा अव्यवस्थित रूप से पड़ा मिला, जिससे आमजन को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने यूपीसीएल अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल मलबा एवं निर्माण सामग्री हटाने के निर्देश दिए।
डॉ. चौहान ने निर्देशित किया कि कार्यस्थलों पर पर्याप्त संख्या में श्रमिकों एवं मशीनों की तैनाती की जाए तथा 500-500 मीटर के पैच बनाकर प्रत्येक खंड में तेजी से कार्य करते हुए पांच दिनों के भीतर अंडरग्राउंड केबल बिछाने का कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद मार्गों को शीघ्र लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया जाए ताकि सड़क पुनर्स्थापन एवं मरम्मत कार्य तत्काल प्रारंभ किए जा सकें।
जिलाधिकारी ने यूपीसीएल को प्रतिदिन कार्य प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि शेष सभी कार्य युद्धस्तर पर पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पुनर्स्थापन एवं मरम्मत कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप ही किए जाएं, जिससे नागरिकों को सुरक्षित एवं बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए गैल द्वारा प्राप्त अनुमति की शर्तों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए संबंधित सड़कें लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मानसून से पूर्व सभी प्रभावित सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कर नागरिक सुविधाओं एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना सुनिश्चित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोभाल, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) के.के. मिश्रा, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकेश सिंह, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ओ.पी. सिंह, यूपीसीएल के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
