देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुन्दन सिंह बथियाल के दुर्घटना में हुए आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
अपने शोक संदेश में दोनों नेताओं ने कहा कि स्वर्गीय कुन्दन सिंह बथियाल कांग्रेस पार्टी के एक कर्मठ, निष्ठावान एवं समर्पित वरिष्ठ नेता थे। उनका असामयिक निधन कांग्रेस परिवार तथा क्षेत्रीय जनता के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा एवं क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित किया। ब्लॉक प्रमुख के रूप में क्षेत्र के विकास हेतु किए गए उनके योगदान और प्रयास सदैव स्मरणीय रहेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस दुःखद घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार शोक संतप्त परिजनों के साथ खड़ा है तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता है।
कुन्दन सिंह बथियाल के निधन पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, देहरादून में प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह भंडारी की अध्यक्षता में एक शोकसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित कांग्रेसजनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
शोकसभा में वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय बथियाल के निधन से कांग्रेस संगठन एवं क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। उनका असमय निधन हम सभी के लिए अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है।
शोकसभा में मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, महामंत्री राजेन्द्र शाह, नवीन जोशी, अजय सिंह, गोदावरी थपली, प्रवक्ता अभिनव थापर, अमेन्द्र बिष्ट, अश्विनी बहुगुणा, सुरेन्द्र सिंह रांगड़, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, शीशपाल सिंह बिष्ट, मनीष नागपाल सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
