देहरादून। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, उत्तराखण्ड मुख्यालय में सहायक निदेशक ललिता प्रसाद भट्ट के सेवानिवृत्त होने पर एक गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके दीर्घ, समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाकाल को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। सभी ने भट्ट को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर अपर निदेशक आशिष कुमार त्रिपाठी ने कहा कि श्री भट्ट ने अपने सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा,अनुशासन और सरल व्यवहार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विभागीय दायित्वों का सदैव पूरी निष्ठा और दक्षता के साथ निर्वहन किया तथा उनके अनुभव और सहयोगात्मक कार्यशैली से विभाग को निरंतर लाभ मिला।
संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने कहा कि भट्ट उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड दोनों राज्यों में उनके सहयोगी रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग की वास्तविक पूंजी उसके अनुभवी और कर्मठ कार्मिक होते हैं तथा भट्ट का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने कहा कि भट्ट ने एक जिम्मेदार एवं कुशल अधिकारी के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई और विभागीय उद्देश्यों की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उप निदेशक रवि विजारनिया सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए भट्ट के सौम्य व्यक्तित्व, कार्यकुशलता और सहयोगी स्वभाव की सराहना की।
अपने संबोधन में ललिता प्रसाद भट्ट ने विभागीय अधिकारियों एवं सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सूचना विभाग में बिताया गया उनका सेवाकाल जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। उन्होंने कहा कि विभाग में मिली आत्मीयता, सहयोग और टीम भावना ने उन्हें सदैव बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
