विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में युवा शक्ति की होगी निर्णायक भूमिका : नितिन नबीन

Share on Social Media

देहरादून, 30 मई। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष  नितिन नबीन ने शनिवार को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, देहरादून में आयोजित “विकसित भारत 2047 के निर्माण में उच्च शिक्षा का महत्त्व” विषयक विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब देश की युवा शक्ति ज्ञान, कौशल, नवाचार और राष्ट्रभावना से सशक्त होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन हुए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम आज दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 ने शिक्षा को रोजगारोन्मुख, शोध आधारित और व्यावहारिक बनाया है। आज भारत के युवा स्टार्टअप, डिजिटल तकनीक, अनुसंधान और उद्यमिता के क्षेत्र में वैश्विक पहचान बना रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल नौकरी पाने का लक्ष्य न रखें, बल्कि रोजगार सृजन और राष्ट्र निर्माण में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उच्च शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं, बल्कि विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान और कौशल विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन हुए हैं, जो भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 भारतीय शिक्षा प्रणाली के गौरवशाली स्वरूप को पुनर्स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। राज्य सरकार शिक्षा में नवाचार, डिजिटल लर्निंग और भारतीय मूल्यों पर आधारित शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक तकनीकी विषयों को बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सके।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच समन्वय बढ़ाने, इंटर्नशिप, इंडस्ट्री-लिंक्ड पाठ्यक्रमों तथा स्टार्टअप एवं इन्क्यूबेशन सेंटरों को प्रोत्साहित कर रही है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार उपलब्ध कराने वाला बनाना है।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  महेंद्र भट्ट, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के अध्यक्ष सुनील कुमार, उपाध्यक्ष अजय कुमार, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, शिक्षाविद, विशेषज्ञ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *