राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचीं कुमारी शैलजा

Share on Social Media


देहरादून। 4 और 5 जून को होने वाले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा उत्तराखंड पहुंचीं। उनके साथ सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव भी मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ उनका स्वागत किया।

कुमारी शैलजा ने पार्टी नेताओं के साथ राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया तथा कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की सफलता के लिए जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में जनसभा, पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद और 5 जून को देहरादून में पार्टी पदाधिकारियों से संवाद करेंगे।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का दौरा 2027 विधानसभा चुनाव की दृष्टि से महत्वपूर्ण है और इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा होगा। वहीं प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी का दो दिवसीय प्रवास राज्य के ज्वलंत मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के साथ-साथ संगठन को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बैठक में चुनाव कैंपेन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व मंत्री नव प्रभात,हीरा सिंह बिष्ट, महामंत्री राजेंद्र भंडारी, प्रभुलाल बहुगुणा, सूर्यकांत धस्माना, रघुबीर सिंह बिष्ट,नवीन जोशी, पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष रामरतन सिंह नेगी, महेंद्र सिंह नेगी, राजेश चमोली सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *