मानसून आपदा प्रबंधन को लेकर डीएम सख्त, 7 जून तक प्राथमिकता वाले कार्य पूरे करने के निर्देश

Share on Social Media


देहरादून। मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने और जनजीवन को सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आज विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को आपदा प्रबंधन से संबंधित कार्य पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समयबद्धता के साथ संपादित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की अपेक्षाओं के अनुरूप सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग ही आपदा संबंधी चुनौतियों का प्रभावी समाधान है। उन्होंने प्रत्येक विभाग को टास्क फोर्स, कंट्रोल रूम और वार रूम स्थापित करने तथा जन शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों पर संचालित जनहित परियोजनाओं के प्राथमिकता वाले सभी कार्य हर हाल में 7 जून तक पूर्ण किए जाएं। परियोजनाओं के पूरा होने के बाद संबंधित सड़कों को तत्काल लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित कर मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि विभागों के बीच किसी भी प्रकार का संचार अभाव कार्यों में बाधा नहीं बनना चाहिए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने मानसून से पूर्व नदी, नहरों और बरसाती नालों के चैनलाइजेशन कार्य पूर्ण करने, सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने तथा नालियों और स्कवरों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जलभराव संभावित क्षेत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) की निगरानी और संवेदनशील क्षेत्रों में वाटर पंप के साथ टास्क फोर्स तैनात करने को भी कहा गया।

यातायात व्यवस्था को लेकर ट्रैफिक पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रमुख चौराहों और क्रॉसिंग पर आवश्यकतानुसार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। बैठक में विद्युत, पेयजल, लोक निर्माण विभाग, गेल एवं अन्य एजेंसियों की परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागों को लेवल-1 शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान की वास्तविक स्थिति जानने के लिए वे स्वयं शिकायतकर्ताओं से फीडबैक प्राप्त करेंगे। इसके लिए जिला स्तर पर कॉल ऑपरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) के.के. मिश्रा, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओम पाल सिंह, अधीक्षण अभियंता सिंचाई संजय रॉय, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, सीओ सिटी नितिन लोहानी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *