देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की 60 वर्ष से अधिक उम्र की सभी महिलाओं को उत्तराखण्ड रोडवेज की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की है। इस निर्णय से प्रदेश की साढ़े छह लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित होंगी। विशेष रूप से पर्वतीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं के लिए यह सुविधा आवागमन को सुगम बनाने के साथ आर्थिक रूप से भी राहत प्रदान करेगी।
महिलाओं को सुरक्षित एवं आरामदायक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत देहरादून में 10 पिंक ई-बसें महिलाओं को समर्पित करने की घोषणा भी की है। इस सेवा को बाद में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी विस्तार दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए आर्थिक, सामाजिक और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर योजनाएं संचालित कर रही है। लखपति दीदी योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 3 लाख से अधिक महिलाओं की वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक हो चुकी है। वहीं, महिलाओं को उद्यमी बनाने के लिए महिला स्वरोजगार योजना में रियायती बैंक ऋण की सीमा दो लाख रुपये से बढ़ाकर ढाई लाख रुपये करने की घोषणा की गई है। इससे महिलाएं अपना कारोबार शुरू करने अथवा मौजूदा स्वरोजगार का विस्तार करने के लिए अधिक पूंजी जुटा सकेंगी।
सरकार द्वारा एकल महिला स्वरोजगार योजना भी संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से अकेले परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही प्रदेश की महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ दिया गया है, जिससे सरकारी सेवाओं में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ा है।
महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ उनकी सुविधा, सुरक्षा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर आधुनिक हाईटेक टॉयलेट विकसित करने की घोषणा भी की है। इन सुविधाओं में महिलाओं की निजता, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड की मातृशक्ति ने हमेशा प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राज्य सरकार हर उम्र की महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा और पिंक ई-बस सेवा से महिलाएं सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकेंगी।