देहरादून में भारी बारिश की चेतावनी, 31 अगस्त को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

Share on Social Media


देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून एवं एनडीएमए के National Disaster Alert Portal से प्राप्त अद्यतन मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद देहरादून में अगले 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए जनपद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

संभावित आपदा एवं अप्रिय घटनाओं को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी,अध्यक्ष जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून ने कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में 31 अगस्त 2026 को एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

आदेश के अनुसार जनपद के सभी शासकीय, गैर-शासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 31 अगस्त को बंद रहेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, देहरादून को निर्देश दिए गए हैं कि सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

जिला प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए आमजन से सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *