देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल में बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश देखी।
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है। नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनकी भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी प्रासंगिक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ-साथ महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि है। नीम करौली बाबा का कैंची धाम आज देश-विदेश में आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। संतों के जीवन और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाले रचनात्मक प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ भक्ति, सेवा, प्रेम, करुणा, विनम्रता और लोककल्याण जैसे मानवीय मूल्यों को केंद्र में रखती है। मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माताओं और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति एवं संत परंपरा पर आधारित प्रेरणादायी फिल्में समाज में सकारात्मक सोच और मानवीय मूल्यों को मजबूत करती हैं।
‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में शोभिनव सतैया सहित अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म 7 अगस्त 2026 को हिंदी में देशभर में रिलीज हुई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी,कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा सहित विभिन्न दायित्वधारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।