देहरादून। उत्तराखंड आशा स्वास्थ्य कार्यकर्ती यूनियन, संबंधित सीटू की बैठक आज सीटू कार्यालय, गांधी पार्क में आयोजित हुई। बैठक में आशा कार्यकर्तियों के मानदेय, प्रोत्साहन राशि के भुगतान में हो रही देरी तथा लगातार बढ़ाए जा रहे कार्यभार सहित विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष 2021 के बाद से आशा कार्यकर्तियों के मानदेय में किसी भी प्रकार की वृद्धि नहीं की गई है। वहीं, पिछले पांच माह से राज्य प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी लंबित है। आशाओं को समय पर भुगतान न मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में बताया गया कि 3 मार्च 2024 को आशा कार्यकर्तियों के प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के साथ बैठक हुई थी। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा हाई पावर कमेटी गठित कर अन्य राज्यों की तर्ज पर आशाओं को मानदेय एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था। यूनियन का आरोप है कि लंबे समय बीतने के बावजूद न तो कमेटी की कार्यवाही के संबंध में कोई जानकारी दी गई और न ही आशाओं के मानदेय में वृद्धि की गई।
यूनियन ने कहा कि आशा कार्यकर्तियों पर लगातार कार्य का बोझ बढ़ाया जा रहा है, लेकिन इसके अनुरूप उन्हें न तो पर्याप्त मानदेय दिया जा रहा है और न ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर सीटू के जिला महामंत्री कामरेड लेखराज ने सरकार पर श्रमिकों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आशा कार्यकर्तियों से किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय ठेकेदारों और मालिकों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो इसका राजनीतिक जवाब आने वाले चुनावों में दिया जाएगा।
यूनियन की प्रांतीय अध्यक्ष शिवा दुबे ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया है कि 5 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे उत्तराखंड के सभी विधायकों एवं सांसदों को मांग पत्र सौंपा जाएगा। इसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों को विधायक हॉस्टल में एकत्र होकर मांग पत्र प्रेषित किया जाएगा।
देहरादून की आशा कार्यकर्तियां इसमें भागीदारी करेंगी तथा संबंधित विधायकों के कार्यालयों में भी मांग पत्र सौंपेंगी।
उन्होंने कहा कि यदि आशा कार्यकर्तियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो सीटू से संबंधित उत्तराखंड की समस्त आशा कार्यकर्तियां 17 सितंबर 2026 को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेंगी। इसके बाद व्यापक आंदोलन शुरू करने के साथ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए भी आशा कार्यकर्तियां मजबूर होंगी।
बैठक में सीटू के जिला महामंत्री कामरेड लेखराज, आशा यूनियन की प्रांतीय अध्यक्ष शिवा दुबे, कलावती चंदोला, प्रांतीय महामंत्री लोकेश, जिला अध्यक्ष सुनीता चौहान, सीमा, हेमलता, मंजू बाला, सीटू कोषाध्यक्ष रविंद्र नौडियाल, अभिषेक भंडारी, हिमांशु चौहान, अनंत आकाश सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।